नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के उस दावे को रविवार को खारिज कर दिया, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भी वाट्सएप के जरिए जासूसी का निशाना बनाया गया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस चीजों की कल्पना कर रही है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्विटर पर कहा, क्या हमने कांग्रेस को ऐसी चीजों की कल्पना करते नहीं देखा है, जो थी ही नहीं?
उन्होंने कहा, उनके उस दावे को याद कीजिए, जब एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एक वीडियो कैमरे की एक हरी लाइट राहुल गांधी के चेहरे पर पड़ गई तो उनके जीवन को खतरा बताया गया था। उनके नेताओं की सार्वजनिक जीवन में विश्वसनीयता का यही स्तर है।
मालवीय अप्रैल में लोकसभा चुनाव के दौरान की उस घटना का जिक्र कर रहे थे, जब कांग्रेस ने राहुल के चेहरे पर एक हरी लाइट के चमकने को एक गंभीर सुरक्षा चूक बताया था। लेकिन यह दावा तब खोखला साबित हुआ, जब पाया गया कि यह लाइट एआईसीसी के लिए काम कर रहे एक कैमरामैन के मोबाइल से निकली थी।
कांग्रेस के जासूसी के दावे को खारिज करने के लिए मालवीय द्वारा अप्रैल की घटना को उठाने को लेकर दोनों पार्टियों के बीच मौखिक नोकझोक शुरू हो गई है, और लगता है कि कांग्रेस भी इसका जवाब देगी। भाजपा की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब इसके ठीक पहले कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह दावा किया।
Leave a Reply