स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान को मुंह चिढ़ा रहा अस्ती-कोतवाली रोड

[object Promise]
फतेहपुर।  शासन के निर्देशों पर जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह द्वारा शहर के जीर्णोद्धार के कराये जा रहे कार्य के चलते अस्ती-कोतवाली रोड में हटाये गये अवैध अतिक्रमण का मलबा आज तक नहीं उठाया गया है। दोनों ओर की नालियां पूरी तरह से चोक हो गयी हैं। जिसके कारण पथरकटा चैराहा से नाले तक सड़क पर पानी लबलबा रहा है। आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ मुहल्लेवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मियों की हीलाहवाली के चलते कई मुहल्लों में भी जल निकासी की समस्या मुंह बाये खड़ी है। जो केन्द्र सरकार के स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है।
बताते चलें कि जिलाधिकारी द्वारा शहर के जीर्णोद्धार को लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान शहर के प्रमुख मार्गों पर चलाया गया था। जीटी रोड पर हटाये गये अतिक्रमण का तलबा तीन माह बाद उठाया जा रहा है। जिसके कारण लोगों को अब तक काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वहीं अस्ती-कोतवाली रोड पर अभी तक मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं किया गया। सड़क की हालत भी जर्जर हो गयी है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं मकानों व दुकानों का तोड़ा गया मलबा सीधे दोनों ओर के नाले में चला गया है। जिससे नालियां पूरी तरह से चोक हो गयी हैं।
नालियों के चोक होने के कारण घरों का गन्दा पानी सड़कों पर बह रहा है। पथरकटा से अस्ती कोतवाली रोड पर नाले तक पानी सड़क पर उफना रहा है। जिसके कारण वाहन सवारों के साथ-साथ रिहायशी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेागों का कहना रहा कि जिला प्रशासन द्वारा जल्दी-जल्दी अतिक्रमण तो हटा दिया गया। लेकिन कोई भी गाइड लाइन नहीं तैयार की गयी। जिसके कारण आज तक मलबा रोड पर पड़ा हुआ है। इस मलबे के कारण उनके व्यापार पर भी असर पड़ा है। इतना ही नहीं बच्चों को आने-जाने में भी परेशानी उठानी पड़ती है
लोगों ने जिलाधिकारी से मांग किया कि शीघ्र ही इस सड़क का मलबा हटवाकर सड़क का मरम्मतीकरण कराया जाये। लोगों का कहना रहा कि नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मी केन्द्र सरकार के स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत अभियान को ठेंगा दिखाने का काम कर रहे हैं। प्रतिदिन वार्डों की नालियां साफ नहीं की जा रही हैं। जिसके चलते जल निकासी की समस्या हो गयी है। लोगों ने डीएम से मांग किया कि ऐसे सफाई कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाये और नगर को साफ-सुथरा किया जाये।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *