दिल्ली विधानसभा चुनाव – भाजपा ने उतारी मुख्यमंत्रियों की फौज दिल्ली की गलियों में

[object Promise]

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। पार्टी ने अपने सभी मुख्यमंत्रियों और पूर्व मुख्यमंत्रियों को चुनाव प्रचार के मोर्चे पर लगा दिया है। मंगलवार को दो राज्यों के मुख्यमंत्री और एक उपमुख्यमंत्री पार्टी प्रत्याशियों के लिए गली-गली वोट मांगने निकले। दिल्ली के चुनावी समर में पार्टी को जिताने के लिए आने वाले दिनों में भाजपा शासित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी दिल्ली के गली-मोहल्लों में नुक्कड़ सभाएं करते नजर आएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां एक दर्जन नुक्कड़ सभाएं करेंगे।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को त्रिनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रत्याशी तिलक राम गुप्ता के समर्थन में महिला सम्मेलन किया। उन्होंने महिलाओं से पार्टी प्रत्याशी को जिताने की अपील की। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि सीट से भाजपा प्रत्याशी की भारी मतों से जीत होगी। उन्होंने सरस्वती विहार, प्रीतमपुरा में युवा सम्मेलन को संबोधित किया।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने द्वारका विधानसभा के रघु नगर स्थित पटेल ब्लॉक में गुजराती समाज के लोगों की सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने पर गुजरात की तरह विकास होगा।

उन्होंने सीएए के खिलाफ शाहीनबाग में फंडिंग से धरना-प्रदर्शन चलाए जाने का आरोप लगाया। करीब 50 मिनट के भाषण में रूपाणी ने यह भी दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर दिल्ली में एक लाख करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे। उन्होंने दो अन्य स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं कीं।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मंगलवार को कालकाजी विधानसभा के श्रीनिवासपुरी में नुक्कड़ सभा की। उन्होंने श्रीनिवासपुरी की जनता से सीधा संवाद कर पार्टी प्रत्याशी को जिताने की अपील की। इस दौरान उन्होंने भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया।

उधर, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी लता सोढ़ी के लिए मंगलवार को चुनाव प्रचार किया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *