दिल्ली : इन्द्रपुरी थाना क्षेत्र में एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची दिल्ली पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस द्वारा शर्मनाक घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस की टीम एक आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। जिस वक्त पुलिस ने दबिश दी आरोपी बाथरूम में था। पुलिस ने आरोपी को बाथरूम से नग्न अवस्था में पकड़ा और उसे कपड़े तक पहनने का वक्त नहीं दिया। पुलिस टीम आरोपी को उसी अवस्था में घर से बाहर ले आई। इतना ही नहीं पुलिस ने थाने तक आरोपी की ‘न्यूड परेड’ करा दी। इस पूरे मामले को आरोपी के वकील ने कोर्ट में उठाया है और साथ ही साथ इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों और एलजी अनिल बैजल से भी की है।
गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ ट्रेस पासिंग के एक मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। दिल्ली पुलिस उसी वारंट की तामील करने उसके घर पहुंची थी। घरवालों के मुताबिक घर के बगल से ही एक गली थाने के नजदीक है, लेकिन जानबूझकर पुलिस टीम उसे लंबे रास्ते थाने तक ले गई। दिल्ली पुलिस की यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि जिस वक्त आरोपी की ‘न्यूड परेड’ कराई गई उस वक्त पुलिसकर्मियों के अलावा वहां महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं। यही नहीं सड़क पर सैकड़ों लोगों के साथ-साथ बच्चे और महिलाएं भी दिल्ली पुलिस का ये तमाशा देख रहे थे।
दरअसल, दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में स्थित जेजे कॉलोनी के एक घर में पुलिस की टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देने पहुंची थी। जिस वक्त पुलिस घर में पहुंची आरोपी बाथरूम में नहा रहा था। घरवालों का आरोप है कि पुलिस ने उसे बाथरूम से पकड़ने के बाद कपड़े पहनने तक का मौका तक नहीं दिया। पुलिसकर्मी उसे नग्न अवस्था में ही घर से बाहर लेकर आ गए। जिसके बाद सरेराह सैकड़ों लोगों के सामने उसकी ‘न्यूड परेड’ कराई गई।
घटना की सबसे खास बात यह थी कि जब आरोपी की ‘न्यूड परेड’ कराई जा रही थी उस वक्त उसकी पत्नी एक तौलिया लेकर पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ती नजर आ रही है। पत्नी का आरोप है कि उसने पुलिस से गुहार भी लगाई कि उसके पति को तौलिया पहना दिया जाए पर पुलिस टीम ने उसकी नहीं सुनी। आरोपी के वकील ने इस ‘न्यूड परेड’ का मामला कोर्ट में उठाया है इसके साथ ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों और एलजी अनिल बैजल से भी मामले की शिकायत करते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Leave a Reply