मथुरा। साल 1970 और 80 के दशक में बॉलिवुड फिल्मों की ड्रीम गर्ल रहीं और वर्तमान में मथुरा की सांसद हेमा मालिनी वर्षों बाद शनिवार को एक बार फिर मोटरसाइकिल पर दिखाई दीं। लगभग 47 साल पहले 1971 में पहली बार मोटरसाइकिल पर सवारी करने वाली स्वप्न सुंदरी के लिए यह कुछ और ही मौका था। इसबार वह किसी फिल्म की शूटिंग के लिए नहीं, अपनी पार्टी के एक अभियान के तहत एक पार्टी नेता की बुलेट मोटरसाइकल पर हेल्मेट पहनकर पीछे की सीट पर विराजमान थीं।
तीन दिवसीय दौरे में शनिवार को मौका था पार्टी की रैली का। रामलीला मैदान से शहर के सभी प्रमुख बाजारों से होकर सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर वह खुद बीजेपी नेता नरेंद्र सैनी की बाइक पर सवार हो गईं।
हेमा मालिनी ने बताया कि 47 वर्ष पूर्व 1971 में आई फिल्म ‘अंदाज’ में राजेश खन्ना के साथ ‘जिंदगी इक सफर है सुहाना’ गाने की शूटिंग के दौरान वह पहली बार मोटरसाइकल पर बैठी थीं। इसके बाद शत्रुघ्न सिन्हा, अमिताभ बच्चन, धर्मेन्द्र आदि के साथ कई फिल्मों में कभी पीछे की सीट पर, तो कभी खुद बाइक चलाते हुए कई बार शूटिंग की।
Leave a Reply