नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आज दिल्ली के राजघाट पर सत्याग्रह शुरू हो गया है। इस सत्याग्रह में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस नेता गुलाबनबी आजाद आदि नेता मौजूद हैँ।
इस धरने में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी पहुंचने वाले हैं। पहले यह धरना रविवार को होने वाला था लेकिन पार्टी ने बाद में इसे 23 दिसंबर को आयोजित करने का निर्णय किया। यह धरना आज राजघाट पर रात 8 बजे तक चलेगा।
धरने से पहले राहुल गांधी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वह इस धरने में शामिल हों। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि देश के छात्र और युवा, यह काफी नहीं आप यह महसूस करें कि आप भारतीय हैं। इस बुरे समय में आपको यह दिखाने की जरूरत है कि आप भारतीय हैं। आप इस बात की इजाजत न दें कि किसी भारतीय को नफरत के जरिए बर्बाद किया जाए। मोदी द्वारा फैलाई गई नफरत के खिलाफ आज 3 बजे हमारे साथ राजघाट पर धरने में शामिल होने के लिए आइए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर लोगों से अपील की और इस सत्याग्रह में शामिल होने की बात कही। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा है कि ये देश एक साझा रिश्ता है, साझा ख़्वाब है। इस मिट्टी को हमने मेहनतों के रंग से सींचा है, संविधान हमारी शक्ति है, देश को फूट डालो और राज करो की राजनीति से बचाना है। आइए आज दोपहर 3 बजे से बापू की समाधि राजघाट पर मेरे साथ संविधान पाठ का हिस्सा बनिए।
Leave a Reply