सियासी लड़ाई ने अब पारिवारिक लड़ाई का रूप ले लिया, पत्नी सुजाता खान को तलाक नोटिस भेजेंगे BJP सांसद सौमित्र खान

[object Promise]

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी लड़ाई ने अब पारिवारिक लड़ाई का रूप ले लिया है। बीजेपी सांसद सौमित्र खान की पत्नी सुजाता मंडल खान के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होते ही आपसी कलह शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पत्नी के टीएमसी से जुड़ने के बाद बीजेपी सांसद सौमित्र खान अब तलाक लेने की सोच रहे हैं। उन्होंने पत्नी सुजाता को तलाक नोटिस भेजने का फैसला लिया है। बता दें कि सौमित्र खान बिश्नुपुर से सांसद हैं और साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी हैं।

सुजाता मंडल ने परिवार झगड़े का खुलासा करते हुए कोलकाता में आयोजित टीएमसी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी जॉइन की। अब बिश्नुपुर सांसद सौमित्र खान ने उन्हें तलाक नोटिस भेजने का निर्णय लिया है। तलाक नोटिस भेजने के फैसला लेने के दौरान सुजाता खान की कार और बरजोरा स्थित घर की सुरक्षा वापस ले ली गई है।

टीएमसी में शामिल होने के बाद सुजाता खान ने कहा कि बीजेपी लोगों का सम्मान और आदर नहीं करती है। उन्होंने कहा, ‘वहां केवल मौकापरस्त और भ्रष्ट लोगों का ही बोलबाला है। बीजेपी में मेरी कोई इज्जत नहीं थी।’ सुजाता ने आगे कहा, ‘मैंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की थी लेकिन अब बीजेपी में कोई सम्मान नहीं बचा है। एक महिला होने के नाते मेरा पार्टी में बने रहना मुश्किल था।’

सुजाता खान ने सुवेंदु अधिकारी को धोखेबाज बताते हुए कहा, ‘वह एक धोखेबाज हैं। कई साल से पार्टी से फायदा लेने के बाद उन्होंने मौकापरस्त की तरह पाला बदल लिया। यह तृणमूल के लिए वास्तव में बेहतर हुआ है।’

सुजाता खान ने आरोप लगाया कि बीजेपी में नए लोगों, अनुपयुक्त और भ्रष्ट नेताओं को वफादारों से ज्यादा तरजीह दी जा रही है। टीएमसी सांसद सौगता रॉय और प्रवक्ता कुणाल घोष की मौजूदगी में टीएमसी में शामिल हुईं सुजाता खान ने कहा, ‘पति को संसद पहुंचाने के लिए मैंने शारीरिक हिंसा सही, त्याग किया लेकिन बदले में मुझे कुछ नहीं मिला। मैं हमारी प्रिय नेता ममता बनर्जी और दादा अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में काम करना चाहती हूं।’

बता दें की 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान एक कोर्ट केस के चलते सौमित्र को उनके निर्वाचन क्षेत्र में जाने से रोक लगा दी गई थी। तब सुजाता ने अपने पति के लिए चुनाव प्रचार किया था।सुजाता के फैसले पर सौमित्र की प्रतिक्रिया पूछने पर उन्होंने कहा कि उन्हें आगे क्या करना है, यह फैसला खुद उन्हें करना है।

सुजाता ने कहा कि एक दिन वह जरूर महसूस करेंगे और क्या मालूम कि एक दिन वह टीएमसी में वापस लौट आएं। बता दें कि सौमित्र खाने पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले ही बीजेपी में शामिल हुए थे। वह मुकुल रॉय के बेहद करीबी माने जाते हैं जो पहले ही बीजेपी से जुड़ चुके हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *