प्रियंका गांधी वाड्रा का दिल्ली के बाद ठिकाना होगा लखनऊ, तैयार हो गया है आलीशान बंगला

[object Promise]

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीतिक को लेकर बेहद गंभीर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का नया ठिकाना अब लखनऊ होगा। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बेहद गंभीर उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा से केंद्र सरकार दिल्ली में उनके आवास को खाली करा रही है, ऐसे में लखनऊ ही अब उनका नया ठिकाना होगा। माना जा रहा है कि जुलाई के आखिरी हफ्ते में वह लखनऊ शिफ्ट हो जाएंगी।

लखनऊ में प्रियंका गांधी वाड्रा अब उनकी नजदीकी रिश्तेदार शीला कौल के आवास के प्रांगण में बने बंगले में रहेंगी। लखनऊ को अपना स्थाई ठिकाना बनाने की प्रियंका गांधी की योजना लोकसभा चुनाव 2019 के बाद ही बनी थी। इसके लिए गोखले मार्ग पर कौल आवास में उनका आशियना तैयार होने लगा। मार्च से कोरोना संक्रमण के कारण प्रियंका के लखनऊ दौरे पर लगाम लग गई। वह अपने इस बंगले में निर्माण को लेकर काफी गंभीर भी थीं। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रियंका गांधी लखनऊ में शीला कौल के गोखले मार्ग के आवास पर रहेंगी। जुलाई में उनके आ जाने की संभावना है। जिसके बाद उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ अभियान को काफी गति भी मिलेगी। लखनऊ में इससे पहले आगमन पर प्रियंका गांधी तीन दिन तक पूर्व केंद्र मंत्री शीला कौल के बंगले गोखले मार्ग में रही थीं।

इंदिरा गांधी की मामी थीं स्वर्गीय शीला कौल

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की मामी पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल के पति प्रसिद्ध वनस्पति विज्ञान प्रोफेसर कैलाश नाथ कौल थे। उनके बंगले को बीते वर्ष ही ठीक कराया गया और वहां पर प्रियंका गांधी का आवास बनाने के लिए काफी नया निर्माण भी हुआ है। शीला कौल पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में कैबिनेट में मंत्री भी रह चुकी थीं और कांग्रेस की कद्दावर नेता थीं।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता स्वर्गीय शीला कौल केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री तथा राज्यपाल भी रही थीं। अब लखनऊ में उनकी बेटी दीपा कौल उनके घर में रहती हैं। दीपा कौल भी उत्तर प्रदेश का कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रही थीं। वह लखनऊ से सांसद का चुनाव भी लड़ी थीं। उनके आवास के प्रांगण में बंगला तैयार हो गया है। उनके गेट पर विशाल वट वृक्ष है, जिसको राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने 1936 में लगाया था। शादी के बाद पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी भी अपने पति फिरोज के साथ लखनऊ आ गईं थी। वह एपी सेन रोड (चारबाग रेलवे स्टेशन के पास) के एक बंगले में रहती थीं।

लखनऊ में सक्रिय राजनीति को और धार देंगी प्रियंका

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अब राजनीतिक दृष्टिकोण से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना बेस बनाने की तैयारी में हैं। वह लखनऊ में कौल हाउस में शिफ्ट होंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा का दिल्ली से लखनऊ शिफ्ट होना चुनावी तैयारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। वह चुनाव से पहले लखनऊ में रहकर यूपी के अलग-अलग जिलों में ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताना चाहती हैं। इस तरह आने वाले दिनों में वह और सक्रिय नजर आएंगी।

इसी महीने खाली करना होगा दिल्ली का बंगला

केंद्र सरकार ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा से दिल्ली के लोधी एस्टेट वाला सरकारी बंगला खाली करने को कहा है। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से इसके लिए एक महीने यानी 1 अगस्त 2020 तक की मोहलत दी गई है। प्रियंका कई वर्षों से लोधी स्टेट के इस आलीशन बंगला नंबर 35 में रह रही थीं।

मंत्रालय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि यदि प्रियंका पहली अगस्त तक इस बंगले को खाली नहीं करती हैं तो उन्हेंं जुर्माना भी देना होगा। शहरी विकास मंत्रालय के संपत्ति निदेशालय ने बुधवार को प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम आवंटित लोदी इस्टेट के बंगला नंबर 35 का आवंटन रद कर दिया। इसके साथ ही सरकारी बंगले के किराए के तौर पर बकाया 3,46,677 रुपये का भुगतान करने को भी कहा है। उनके बंगला के किराये का यह बकाया 30 जून 2020 तक का है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *