कोकराझार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बोडो समझौते को लेकर कोकराझार में होने वाले समारोह में शिरकत करने आएंगे। इस मौके पर मोदी बोडो समझौते के बारे में लोगों को संबोधित भी करने का कार्यक्रम हैं। समझौते पर 27 जनवरी, 2020 को नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए गए थे। कोकराझार में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत की बड़ी तैयारियां की गई हैं।
बोडो शांति समझौते के स्वागत में असम के कोकराझार जिले में लोगों ने लाखों दिए जलाकर अपनी खुशी जाहिर की है। पीएम मोदी के स्वागत में कोकराझार दियों की जगमगाहट से खिल रहा है। कोकराझार की यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी पहुंच गई हैं।
देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू होने और एनआरसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार नॉर्थ-ईस्ट के किसी राज्य का दौरा कर रहे हैं। ऐसे में यह देखना होगा कि उनके इस दौरे पर राज्य से कैसी प्रतिक्रियाएं आती हैं, क्योंकि पूर्वोत्तर में एनआरसी और सीएए को लेकर काफी नाराजगी रही है।
असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बताया है कि बोडो शांति समझौता असम के विकास की दिशा में मददगार साबित होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का इस समझौते के लिए राज्य के लोगों की ओर से आभार जताया। वहीं सोनोवाल ने कांग्रेस की आलोचना को उसकी हताशा करार दिया है।
Leave a Reply