कर्नाटक विधान सभा चुनाव को लेकर भाजपा का मेगा प्रचार अभियान एक मार्च से होगा शुरू

कर्नाटक विधान सभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा एक मार्च से अपना मेगा चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने जा रही है। आईएएनएस के साथ बातचीत करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं कर्नाटक प्रभारी अरूण सिंह ने बताया कि पार्टी ने कर्नाटक में एक मार्च से अलग-अलग चार यात्राएं निकालने की योजना बनाई है। उन्होंने इन चारों यात्राओं की जानकारी देते हुए बताया कि यात्राओं का यह कार्यक्रम एक मार्च को शुरू होकर 20 दिनों तक चलेगा।

अरुण सिंह ने बताया कि ‘विजय संकल्प यात्रा’ के नाम से चलाए जाने वाले इस अभियान के दौरान पार्टी रोड शो, जनसभाओं और जनसंपर्क अभियान के जरिए लोगों के साथ संपर्क और संवाद करेगी। आपको बता दें कि, यह चारो यात्रा कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों से शुरू होगी और 20 दिन बाद इन सभी यात्राओं का समापन एक ही जगह हो सकता है। समापन के मौके पर भाजपा की योजना एक बड़ी रैली करने की भी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा सहित भाजपा के कई अन्य राष्ट्रीय और प्रादेशिक नेता भी इस ‘विजय संकल्प यात्रा’ के मेगा अभियान में शामिल होकर राज्य के मतदाताओं को साधने की कोशिश करते नजर आएंगे।

आपको बता दें कि, भाजपा इस बार राज्य में 150 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य को लेकर चुनावी रणनीति बना रही है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए भाजपा इससे पहले कर्नाटक में दो बड़े अभियान- बूथ विजय अभियान और विजय संकल्प अभियान चला चुकी है और अब पार्टी की जीत को सुनिश्चित करने के लिए एक मार्च से राज्य में ‘विजय संकल्प यात्रा’ के नाम से यह चार यात्राएं निकालने जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *