नई दिल्ली। लोकसभा में आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर हंगामा बरपा है। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में की गई ‘डंडा’ वाली टिप्पणी को लेकर लोकसभा में शुक्रवार को काफी हंगामा हुआ, जिसके कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। हंगामा इतना बढ़ गया कि मामला झड़प तक पहुंच गया। एक सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने राहुल गांधी के डंडेमार बयान का जिक्र करते हुए आलोचना की। उन्हें स्पीकर ओम बिड़ला ने रोकने का प्रयास किया।
इस बीच कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर, हर्षवर्धन की सीट पर पहुंच गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इसके बाद भाजपा सांसद वेल में आ गए और कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर को पकड़ लिया और झड़प शुरू हो गई। इसके बाद स्पीकर ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में हुए हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए मीडिया से कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने ऐसा मुद्दा उठाया जिसे मैं कहीं बाहर कहा था, इसका प्रश्नकाल से कोई लेना देना नहीं था। वायनाड पर मेरे सवाल का जवाब हर्षवर्धन जी ने नहीं दिया। हमें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा, वो हमारी आवाज़ दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
Leave a Reply