सुशांत मामले में आज का दिन महत्वपूर्ण है, सीबीआई रिया से पूछताछ कर सकती है

सुशांत मामले में आज का दिन महत्वपूर्ण है, सीबीआई रिया से पूछताछ कर सकती है

मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में सीबीआइ जांच का आज चौथा दिन है। आज मामले में रिया चक्रवर्ती से सीबीआइ पूछताछ कर सकती है। पटना में दर्ज एफआइआर के मुताबिक रिया ही इस मामले की मुख्य आरोपित है। इससे पहले रिया से ईडी की टीम दो बार पूछताछ कर चुकी है। रविवार को सीबीआइ ने एक बार फिर अभिनेता के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी, रसोइया नीरज सिंह तथा घरेलू सहायक दीपेश सावंत से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की। ये तीनों लोग 14 जून को फ्लैट में मौजूद थे, जिस दिन सुशांत वहां मृत मिले थे।

बता दें कि सीबीआइ ने अभी तक रिया को समन नहीं भेजा है। वह अभी सुशांत के साथ रहने वाले लोगों एवं मुंबई पुलिस से ही जानकारियां इकट्ठी कर रही है। माना जा रहा है कि सीबीआइ अपना होमवर्क पूरा करने के बाद ही रिया को पूछताछ के लिए बुलाएगी, ताकि उससे सुशांत की संदिग्ध मौत से जु़ड़ा सच उगलवाया जा सके।

सुशांत की मौत से संबंधित घटनाक्रमों को रीकंस्ट्रक्ट करने के लिए सीबीआइ टीम शनिवार को भी इन तीनों लोगों के साथ सुशांत के फ्लैट पर गई थी। जांच एजेंसी की एक अन्य टीम कूपर अस्पताल भी गई थी, जहां सुशांत का पोस्टमॉर्टम हुआ था। जबकि सीबीआइ की तीसरी टीम ने बांद्रा थाने में सुशांत प्रकरण की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इसके पहले शुक्रवार को भी सीबीआइ अधिकारियों ने पिठानी और नीरज का बयान दर्ज किया था।

लॉक तोड़ने वाले को पता नहीं था, फ्लैट किसका है

सुशांत के कमरे का लॉक तोड़ने वाले रफीक शेख ने दो माहीने बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। रफीक ने कहा कि उसे कमरे के अंदर नहीं जाने दिया गया था और लॉक तोड़ने के बाद फीस देकर उसे विदा कर दिया गया था। उसने कहा कि उसने फीस के तौर पर दो हजार रुपये लिए और वहां से चला आया। उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि जिस कमरे का उसने लॉक तोड़ा, वह किसका था?

आत्महत्या के लिए कथित तौर पर उकसाने का आरोप

उल्लेखनीय है कि बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत के पिता द्वारा पटना में दर्ज कराई गई एफआइआर को सीबीआइ को ट्रांसफर करने के सरकार के फैसले को बरकरार रखा था। एफआइआर में सुशांत की महिला मित्र रिया चक्रवर्ती तथा अन्य पर अभिनेता को आत्महत्या के लिए कथित तौर पर उकसाने का आरोप लगाया गया है। जबकि मुंबई पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *