कुल्लू बस हादसा | PMO और सीएम जयराम ने की मुआवजे की घोषणा, विपक्ष ने भी जताया दुख

 

डेस्क। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बस हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और सीएम जयराम ठाकुर समेत देश के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। बता दें कि कुल्लू की सैंज घाटी में यह हादसा हुआ है। हादसे को लेकर अब पीएमओ की तऱफ से मुआवजे का ऐलान भी किया गया है।

पीएमओ दफ्तर की ओर से ट्वीट कर मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स ने हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है। 

PMO के ट्वीट के अनुसार, पीएम रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की राहत राशि दी जाएगी।

क्या बोले गृहमंत्री अमित शाह

देश के गृहमंत्री अमित शाह ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया है कि कुल्लू, हिमाचल प्रदेश की बस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनके प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैंने हिमाचल प्रशासन से बात की है, बचाव कार्य पूरी गति से चल रहा है। NDRF भी शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुँचने वाली है। साथ ही उन्होंने कहा कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

सीएम जयराम ने क्या कहा

कुल्लू के सैंज में हुए बस हादसे पर सीएम जयराम ठाकुर ने दुख जताते हुए और साथ ही मृतकों को 5-5 लाख रुपये मुआवजा और घायलों को 15-15 हजार रुपये की फौरी मदद देने की घोषणा की है। 

इसी के साथ ही सीएम ने हादसे की न्यायायिक जांच के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं और वह घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना भी करते हैं।

घटना को लेकर विपक्षी नेता प्रियंका गांधी बोलीं, कुल्लू-हिमाचल प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूली बच्चों समेत स्थानीय लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले।

बता दें कि कुल्लू जिले की सैंज घाटी के न्यूली शेंशर सड़क पर जंगला नामक स्थान पर यह दर्दनाक बस हादसा हुआ यह बस औट जा रही थी। 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *