एसपी नेता तोताराम को नहीं मिला नामांकन पत्र तो अपना कुर्ता फाड़कर किया हंगामा

लखनऊ। लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (पैक्सफेड) मुख्यालय में बुधवार को नामांकन पत्र न मिलने पर एसपी नेता और पूर्व सभापति तोताराम यादव ने जमकर हंगामा किया। पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री तोताराम यादव ने आरोप लगाया कि लोग उन पर हावी हो गए और उनका कुर्ता पकड़ लिया। यही नहीं, उनका कहना यह भी है कि लोगों ने उनके दस हजार रुपये भी छीन लिए। हालांकि, विडियो देखने पर बात एकदम उलट नजर आती है।

विडियो में साफ तौर पर नजर आ रहा है कि तोताराम यादव के आसपास चल रहे कुछ लोग उनसे कहते हैं, अरे फाड़िए, फाड़िए। इसके बाद मुलायम सिंह यादव के करीबी, एसपी के पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री तोताराम यादव गालीगलौच करते हुए अपना कुर्ता फाड़ देते हैं। जोर-जोर से परिसर में चिल्लाते हुए वह कहते हैं, मार डालो मुझे, अरे बचाओ, अरे बचाओ, बचा लो…। एसपी नेता के इस हंगामे को देखकर वहां पर मौजूद लोग ठहाके लगाते हुए नजर आ रहे हैं। यही नहीं, मंत्री के हंगामे का लोगों ने विडियो भी बनाया।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में सहकारी समितियों का चुनाव चल रहा है। गोमतीनगर विस्तार स्थित पैक्सफेड कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया चल रही थी। इसके लिए बुधवार को पैक्सफेड में प्रबंध कमिटी के सदस्यों के निर्वाचन के लिए नामांकन भरे जाने थे। दोपहर बाद पैक्सफेड के पूर्व सभापति तोताराम यादव अपने साथियों के साथ मुख्यालय पहुंचे और सदस्य (डायरेक्टर) पद के लिए नामांकन खरीदने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें नामांकन पत्र नहीं दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यालय में हंगामा मचाना शुरू कर दिया।

इस पूरे मामले में पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री तोताराम यादव ने कहा, अधिकारियों द्वारा नामांकन पत्र न देने की शिकायत वह राज्य सहकारी निर्वाचन आयोग में करेंगे। उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी निर्वाचन आयोग के चुनाव आयुक्त एलएम चैबे के मुताबिक, देर शाम तक आयोग को इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली थी। यदि आयोग में इस तरह की कोई शिकायत होती है, तो आयोग उस पर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *