केंद्रीय मंत्री मंदी के सवाल पर बोले, ठसाठस रेलगाडिय़ा-हवाईअड्डे, लोग कर रहे शादी …

केंद्रीय मंत्री मंदी के सवाल पर बोले, ठसाठस रेलगाडिय़ा-हवाईअड्डे, लोग कर रहे शादी …

नई दिल्ली। इस समय भारतीय अर्थव्यवस्था की हालात ठीक नहीं है। तमाम रिपोर्टों से यह बात जगजाहिर हो चुकी है। इस कारण मोदी सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर बनी हुई है। हालांकि कभी-कभार केंद्र में सत्तारुढ़ पार्टी की ओर से कुछ ऐसे बयान सामने आते हैं, जो मजाक का विषय बन जाते हैं। दरअसल शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ।

केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी ने जल्द शुरू होने जा रहे टुंडा खुर्जा ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) के निरीक्षण के दौरान संवाददाताओं से मंदी के सवाल पर कहा कि हवाईअड्डे और रेलगाडिय़ां ठसाठस भरी हैं और लोग शादी कर रहे हैं जो यह बताता है कि देश की अर्थव्यवस्था अच्छी चल रही है। अर्थव्यवस्था में हर तीन साल में नरमी आती है लेकिन यह जल्द ही रफ्तार पकड़ लेगी।

कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। रेल राज्य मंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना है और इसके माध्यम से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। डीएफसी परियोजनाओं के विस्तार से माल परिवहन में और तेजी आएगी, यात्री ट्रेनों की संख्या और इनके संचालन का दायरा बढ़ेगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी देश की इकोनोमी की हालत को अच्छा बताते हुए कहा था कि यहां फिल्में करोड़ों का कारोबार कर रही हैं, ऐसे में सुस्ती की कोई संभावना नहीं है। इसके बाद उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और आखिरकार वे बैकफुट पर आ गए और उन्होंने बयान को वापस ले लिया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *