JHARKHAND :अमित शाह बाेले , नहीं जीत पाएंगे इतनी भीड़ से , फोन लगाइए 25-25 लोगों को

JHARKHAND :अमित शाह बाेले , नहीं जीत पाएंगे इतनी भीड़ से , फोन लगाइए 25-25 लोगों को

चतरा। केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को यहां कहा कि भाजपा शासन के दौरान झारखंड से नक्सलियों का सफाया कर दिया गया है। शाह यहां पहले चरण के मतदान के लिए आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा कि नक्सलियों को जमीन के 20 फुट नीचे दफना दिया गया है। बीते पांच सालों में केंद्र और राज्य में भाजपा शासन के दौरान नक्सलियों का सफाया हो चुका है। पहले लोग घर से बाहर कदम रखने में डरते थे और अब लोग आधी रात में बारात लेकर जाते हैं।

झारखंड के चतरा में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि ये 10-15 हजार लोगों से हम जीत लेंगे क्या, मुझे भी गणित आता है, मैं भी बनिया हूं, बेवकूफ मत बनाओ, आपको एक रास्ता बताता हूं, आप करेंगे क्या, सब लोग हाथ में मोबाइल उठाकर अपने 25-25 परिजनों को फोन करो और कमल के निशान पर वोट डालने की अपील करो।

अमित शाह ने आगे कहा कि राज्य में बहुत सारे काम किए गए। उद्योग स्थापित किए गए, हर घर तक बिजली पहुंची है, सड़क निर्माण किया गया, शौचालय बनाए गए। भाजपा सरकार ने उन महिलाओं को सम्मान दिया, जिन्हें खेतों में जाना पड़ता था। राहुल बाबा को ये बातें समझ नहीं आएंगी, क्योंकि उनका जन्म गरीब परिवार में नहीं हुआ। गरीबों का दर्द नरेंद्र मोदी समझते हैं, क्योंकि वह खुद गरीब पृष्ठभूमि से थे, रेलवे स्टेशन पर चाय बेचते थे।

वहीं ओबीसी मतदाताओं को लुभाने के लिए शाह ने कहा कि यह भाजपा सरकार ही है, जिसने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया, जिसे कांग्रेस बीते 60 सालों में नहीं कर पाई थी। हमें दोबारा मौका दीजिए, ताकि हम एक कमेटी का गठन कर ओबीसी को ज्यादा से ज्यादा आरक्षण दे सकें। वर्तमान में झारखंड में ओबीसी को मात्र 14 प्रतिशत आरक्षण मिलता है। शाह ने कुछ दिन पहले लातेहार जिले में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि भी दी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *