बिजनौर । फर्जी अश्लील वीडियो की शिकायत के बावजूद तीन दिन तक पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर मंगलवार सुबह विधायक कमलेश सैनी पति, पुत्र और समर्थकों के साथ एसपी कार्यालय पर धरने पर बैठ गईं। इस दौरान पुलिस के रवैये से निराश भाजपा विधायक सैनी इस कदर फूट-फूट कर रोईं कि उनकी हालत बिगड़ गई। बाद में मुरादाबाद जोन के आइजी ने सीओ चांदपुर राजकुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की।
चांदपुर के कोतवाली प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया। अफसर और भाजपा संगठन के समझाने पर विधायक ने चार घंटे बाद धरना समाप्त किया। धरनारत कमलेश सैनी ने बताया कि कुछ लोगों ने उनके नाम पर फर्जी अश्लील वीडियो वायरल किया है। मामले में उन्होंने तीन दिन पहले अपने भतीजे को थाने भेजकर शिकायत दर्ज कराई थी। चांदपुर कोतवाल ने दो युवकों को उठाकर छोड़ दिया। आरोप लगाया कि चांदपुर सीओ भी मामले में हीलाहवाली करते रहे।
एसपी उमेश कुमार फोन नहीं उठा रहे। एडीएम प्रशासन विनोद गौड़ तथा प्रभारी एसपी दिनेश कुमार ने विधायक से धरना खत्म करने का अनुरोध किया, लेकिन वह नहीं मानीं। उन्होंने आरोपितों को गिरफ्तार करने व वीडियो में दिख रही महिला को सामने लाने को कहा। नगीना सांसद डॉ. यशवंत सिंह, सदर विधायक सुचि चैधरी, नहटौर विधायक ओमकुमार, महिला आयोग सदस्य अवनि सिंह समेत जिलेभर के नेता धरनास्थल पर पहुंच गए। सीओ राजकुमार सिंह ने बताया कि सुहैल, फैजान व इरशाद का चालान कर दिया है।
कुवैत से वीडियो वायरल करने के आरोपित गुलफाम का वीजा निरस्त करने के लिए दूतावास को लिखा गया है। प्रभारी एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि विधायक की छवि खराब करने को फर्जी वीडियो वायरल किया गया है। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चांदपुर विधायक कमलेश सैनी को बदनाम करने के लिए वायरल अश्लील वीडियो प्रकरण में पुलिस कार्रवाई न करने का मामला प्रदेश हाईकमान व डीजीपी तक पहुंच गया है।
विधायक कमलेश सैनी पुलिस की कार्यप्रणाली से बेहद खफा दिखीं। बोले, वह विधायक बाद में हैं। अगर किसी जाति धर्म की महिला के साथ कोई ऐसा करता है तो वह खामोश नहीं बैठेंगी। अगर शासन प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो वह खुद ऐसे लोगों की कुट्टी काट देंगी। बोलीं, वीडियो वायरल करने वाले गिरफ्तार होने चाहिए और यह वीडियो मेरी नहीं है। महिला दूर से देखने में उनके जैसी लगती है। अब वे चूड़ी नहीं पहनती हैं। जब भी किसी महिला या बहन बेटी का इस तरह का उत्पीड़न होगा वे इसके खिलाफ धरने पर बैठेंगी।
भाजपा के एमएलसी व प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने बताया कि पूरे प्रकरण को संगठन ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय व प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने जानकारी लेने के साथ ही डीजीपी व प्रमुख सचिव गृह से बात की और प्रकरण में कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।
Leave a Reply