प्रतापगढ़ । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता को सोमवार को कुंडा स्थित घर में ही नजरबंद कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मुहर्रम के जुलूस के रास्ते में एक सामुदायिक भंडारे का आयोजन करने की योजना को लेकर उनके खिलाफ यह सख्त कदम उठाया गया है।
कुंडा के उप प्रभागीय न्यायाधीश मोहनलाल ने बताया कि मंगलवार को जगह-जगह मुहर्रम के जुलूस निकलेंगे। इस दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे, इसीलिए विधायक रघुराज प्रताप सिंह के पिता उदय प्रताप सिंह को घर में नजरबंद किया गया है।
बता दें कि उदय प्रताप सिंह मंगलवार को मुहर्रम के जुलूस के रास्ते में एक विशाल भंडारे का आयोजन करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन की ओर से इसकी अनुमति नहीं दी गई थी। और अब उन्हें मंगलवार शाम तक नजरबंद रखने का फैसला लिया गया है।
कुंडा के एसएचओ डीपी सिंह ने बताया कि उनके अलावा करीब अन्य 550 लोगों को भी मंगलवार के जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था में बाधा न डालने को लेकर प्रशासन की ओर से चेतावनी दी गई है।
Leave a Reply