नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन ने कई शानदार फिल्मों में काम किया और बड़े पर्दे पर अपनी खास छाप छोड़ी है। फिल्मों में उनके किरदार को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया है, लेकिन विद्या बालन को बहुत बार अपने बढ़ते वजन की वजह से काफी ट्रोल होना पड़ा है। हालांकि वह ट्रोलर्स को हमेशा बेबाकी से जवाब भी देती रहती हैं। एक बार फिर से विद्या बालन ने अपने बढ़े वजन को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
विद्या बालन ने हाल ही में अंग्रेजी वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्मी करियर के अलावा निजी जिंदगी पर ढेरा सारी बातें कीं। विद्या बालन ने साल 2011 में आई फिल्म द डर्टी पिक्चर में साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री सिल्क स्मिता का किरदार निभाया था। इस किरदार को करने के लिए उन्हें अपना वजन बढ़ाना पड़ा था। इस फिल्म के बाद विद्या बालन के वजन की काफी चर्चा हुई और उन्हें लंबे समय तक ट्रोलर्स का सामना करना पड़ा।
अब अपने वजन की वजह से ट्रोल होने पर विद्या बालन ने कहा है कि एक समय ऐसा था जब वह अपने शरीर से नफरत करने लगी थीं, क्योंकि वह इसको स्वीकार नहीं कर पा रही थीं। अभिनेत्री ने कहा कि उनका बढ़ा वजन नेशनल मुद्दा बन गया था। हालांकि धीरे-धीरे वह इस समस्या से उबरीं और उन्हें अब इन सब बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग उनके बारे में क्या बोलते हैं।
Leave a Reply