मुरादाबाद, दिल्ली से घर के लिए निकली एमबीए की छात्रा की लाश सोमवार की सुबह अमरोहा में देहात थाना क्षेत्र में अमरोहा-जोया मार्ग के नजदीक एक खाली प्लाट में पड़ी मिली। ईंट से सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई थी। खून से सनी ईंट मौके पर ही पड़ी थी। गले पर भी निशान मौजूद होने के चलते आशंका जताई जा रही है कि उसका गला भी दबाया गया था। एसपी सुनीति ने घटनास्थल का मुआयना कर वारदात के पर्दाफाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं। इधर, बेटी की मौत से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर मृतका की मां बीना चौधरी व भाई अंकित भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नेहा मेरठ स्थित एक कालेज में एमबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह नोएडा में एक निजी कंपनी में नौकरी भी करती थी। रविवार की दोपहर उससे बात हुई थी तो उसने शाम तक घर पहुंचने की बात बताई थी। शाम पांच बजे के बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। सभी उसके घर पहुंचने की राह देख रहे थे। उसके इंतजार में रात भर सो भी नहीं सके। सुबह पुलिस के फोन पर बेटी की हत्या का पता चला। स्वजनों ने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। इधर, पहचान के बाद पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहले बीना चौधरी गांव में ही बच्चों के साथ रहती थी लेकिन, कई साल पहले उसका पति घर छोड़कर चला गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। उस समय दोनों बच्चे बहुत छोटे थे। दोनों बच्चों के साथ वह पीरगढ़ में कमल सिंह के यहां मकान में रह रही थी। कमल देहात क्षेत्र के ही गांव हाशमपुर का रहने वाला है।
हत्या के पर्दाफाश के लिए तीन टीम बनाई गईंं हैं। कमल सिंह की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल का कार्य शुरू कर दिया गया है।
Leave a Reply