एचटी लाइन में आने से नीलगाय की हुई दर्दनाक मौत

एचटी लाइन में आने से नीलगाय की हुई दर्दनाक मौत

बांगरमऊ, उन्नाव। क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर में एच टी विद्युत लाइन इतनी ढीली होकर जमीन के नजदीक आ गई है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। कई बार मांग करने के बावजूद भी जानलेवा साबित हो रही इस विद्युत लाइन को ऊंचा नही किया जा सका है। जिसकी चपेट में आकर रविवार की सुबह एक नीलगाय की मौत हो गई। किसान खेतों में काम करने से भी घबरा रहे हैं। किसानों ने विभाग से जल्द ही इस ढीली एच टी विद्युत लाइन को दुरूस्त करने की मांग की है।
बताते चलें कि क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर के पास खेतों से एच टी विद्युत लाइन गुजरी है। विभागीय कर्मचारियों की अनदेखी के कारण पिछले कई वर्षों से यह एच टी विद्युत लाइन इतनी ढीली होकर जमीन के नजदीक आ गई है कि जानवर तक उसकी जद में आ रहे हैं। अशोक कटियार के खेत और उसके आस पास अब तक दर्जनों मवेशी काल के गाल में समा चुके हैं। रविवार की सुबह एक नीलगाय लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। इसी जगह दो माह पूर्व शौच को गई एक वृद्ध महिला इसी एच टी विद्युत लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई थी।
कई बार किसानों द्वारा मांग किए जाने के बावजूद भी अभी तक इस ढीली व कमजोर एच टी विद्युत लाइन को दुरूस्त नही किया जा सका है। जिससे घबराकर किसान अपने खेतों में काम करने से कतरा रहे हैं। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। गांव के अशोक कटियार, दिनेश कटियार, विष्णु स्वरूप, ठाकुर प्रसाद, प्रमोद कुमार, अरूण कुमार आदि किसानों ने विभाग से जल्द ही जर्जर व ढीली एच टी विद्युत लाइन को सही करने की मांग की है।
इस संदर्भ में जे ई संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि वे विद्युत लाइन का जल्द ही निरीक्षण करके समस्या का समाधान करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *