बांदा। लगातार बारिश ने मंडल मुख्यालय की बिजली आपूर्ति ध्वस्त कर दी। शहर का आधे से ज्यादा इलाका पूरा दिन बिजली विहीन रहा। बताया गया कि हाईटेंशन लाइन में जगह-जगह इंसुलेटर पंचर हो गए हैं। देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सुबह बारिश के रफ्तार पकड़ते ही सभी फीडर ब्रेकडाउन हो गए। गांवों के फीडर पूरा दिन बंद रहे। देर शाम तक इन्हें चालू नहीं किया जा सका। उधर, मंडल मुख्यालय में बबेरू रोड बाईपास के नजदीक नहर किनारे स्थित 33/11 केवी लाइन के खंभों में आधा दर्जन से ज्यादा इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए।
पीली कोठी सब स्टेशन ठप हो गया। यहां से जुड़े शहर के स्टेशन रोड, छावनी, चौक बाजार, बलखंडी नाका, गूलरनाका, कटरा, कालवनगंज, कोतवाली रोड, शंकर गुरु चौराहा, अलीगंज इत्यादि इलाकों की बिजली गुल हो गई। यह देर शाम तक चालू नहीं हो पाई। कार्पोरेशन के अवर अभियंता कांता प्रसाद ने बताया कि एक के बाद एक इंसुलेटर पंचर होने से लगभग 5 बार शट डाउन लेना पड़ा। उधर, हड़ताल पर चल रहे बिजली विभाग के ठेकेदारों ने फाल्ट दुरुस्त करने में कोई सहयोग नहीं दिया।
Leave a Reply