दिल्ली में 20 को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक, मास्टर प्लान पर होगी चर्चा

रामनगरी अयोध्या में पांच अगस्त को श्रीराज जन्मभूमि मंदिर के भूमि व शिला पूजन के बाद अब इसके निर्माण की प्रक्रिया के गति पकड़ने का इंतजार है। इसी को लेकर नई दिल्ली में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मंदिर निर्माण समिति की बैठक 20 अगस्त को होगी। माना जा रहा है कि बैठक में 70 एकड़ परिसर के लिए मास्टर प्लान पर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही ट्रस्ट के महसचिव चम्पत राय नई दिल्ली में पीएम मोदी के साथ वरिष्ठ नेताओं को भूमि पूजन का प्रसाद भी प्रदान करेंगे।

नई दिल्ली में 20 अगस्त को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मंदिर निर्माण समिति की बैठक के बाद ट्रस्ट की तरफ से अयोध्या-फैजाबाद विकास प्राधिकरण में मंदिर के मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन किया जाएगा।

ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय के साथ सदस्य डॉ. अनिल मिश्र भी रविवार को नई दिल्ली रवाना हो गए हैं। यह सभी 20 को ट्रस्ट की होने वाली अगली बैठक में भाग लेंगे। इसके साथ ही ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय 20 को ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी तथा पूर्व डिप्टी पीएम लालकृष्ण आडवाणी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन का प्रसाद भेंट करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *