लखनऊ, राजधानी स्थित मोहनलालगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुजीत पांडे की हत्या को छह दिन गुजरने के बाद भी पुलिस हत्यारोपितों तक नहीं पहुंच सकी है। वहीं, शनिवार को मृतक सुजीत के परिजनों से मिलने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजधानी में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति की हत्या बताती है कि यूपी में कानून व्यवस्था की स्थिति कितनी खराब हो चुकी है। हमारी मांग है कि इस हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा हो। यदि पुलिस सक्षम न हो तो मामले की जांच सीबीआइ से कराई जाए।
वहीं, बीते दिन उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सुजीत के परिजनों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि सुजीत पांडेय की हत्या राजनीति में बढ़ती लोकप्रियता के चलते हुई है। डिप्टी सीएम ने एसीपी को निर्देश दिया कि हत्यारों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। उससे पहले कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक परिजनों के घर जाकर जल्द खुलासे का आश्वासन और सरकार उनके साथ होने का भरोसा दे चुके हैं।
सुजीत पांडेय हत्या के मामले में अब तक की छानबीन में पुलिस को हत्यारों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। प्रारंभिक छानबीन में पुलिस राजनीतिक या स्थानीय विवाद के मद्देनजर हत्याकांड की पड़ताल में जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुजीत पांडेय की हत्या स्थानीय विवाद में ही हुई है।
ये है मामला
बता दें, मोहनलालगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष और इंद्रजीत खेड़ा मऊ के पूर्व प्रधान सुजीत पांडे की 20 दिसंबर शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। राजधानी पुलिस हत्याकांड के राजफाश में लगी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को दबोच लिया जाएगा।
Leave a Reply