रिपोर्ट अंकित मिश्रा
गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव के पास बदमाशों की गोली से घालय परचून व्यापारी दुर्गेश कसौधन की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से नाराज व्यापारियों ने गुरुवार की सुबह शंकरपुर बाजार की दुकानों को बंद कर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। उधर, भांजे श्याम सुंदर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सिकरीगंज क्षेत्र के ढकवा निवासी देवीदहल कसौधन के 25 वर्षीये बेटे पुत्र दुर्गेश, कई वर्ष से बेलघाट के बघाड़ गांव में बहनोई संतू कसौधन के घर रहते थे। कुछ साल पहले शंकरपुर बाजार में उन्होंने परचून की दुकान खोली थी। रिश्ते में भांजा लगने वाले बघाड़ निवासी श्यामसुंदर उनके साथ रहकर कारोबार में हाथ बंटाते है। बुधवार की रात 9 बजे के आसपास दुकान बंद कर मामा-भांजे घर जा रहे थे। बाइक, श्यामसुंदर चला रहा था। अभी वे रामपुर गोसाई गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से एक ही बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने दुर्गेश को गोली मार दी। कमर में गोली लगने से दुर्गेश वहीं गिर पड़े। दुर्गेश को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों ने गंभीर हालत देख लखनऊ रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर पहुंचते ही शंकरपुर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। नाराज व्यापारियों ने दुकान बंद कर विरोध जताया और हमलावरों के जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सीओ गोला सतीश चंद्र शुक्ल ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हर पहलू पर जांच की जा रही है, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Leave a Reply