Rajasthan Weather Update जयपुर । मानसून 48 घंटे में राजस्थान में प्रवेश करेगा। मानसून न आने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। राजस्थान में मानसून करीब 10 दिनों की देरी से प्रवेश कर रहा है। पिछले दस दिनों से भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे राज्य के लोगों को अगले दो दिनों में मानसून आने के बाद राहत मिलेगी। मौसम विभाग द्वारा पिछले सप्ताह मानसून को लेकर की गई। भविष्यवाणी सटीक साबित नहीं हुई।
मौसम विभाग के जानकारों के मुताबिक मौसमी परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने से मानसून में सात से दस दिन की देरी सभी जगहों पर देखने को मिल रही है। लेकिन अब मौसमी परिस्थितियां अनुकुल होने से आमजन को इस सप्ताह यानि 29 जून से राहत मिलने लगेगी। बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में कम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
दस दिन की हुई देरी
तय समय से तीन दिन पहले केरल में मानसून प्रवेश के साथ ही राजस्थान के लोगों में यह उम्मीद जगी थी कि मानसून राजस्थान में भी जल्द प्रवेश करेगा, लेकिन अनुकूल परिस्थितियां नहीं होने के कारण राजस्थान में मानसून के प्रवेश में देरी हो चुकी है। सामान्य तौर पर 20 जून तक मानसून दक्षिण राजस्थान से प्रवेश करता है, लेकिन इस बार करीब 10 दिनों के देरी से मानसून के प्रदेश में 48 घंटे बाद प्रवेश के आसार हैं।
नया परिसंचरण तंत्र भी होगा सक्रिय
जयपुर मौसम विभाग केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं प्रभावी होने से मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है। इसके साथ ही एक नया परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने से बुधवार से जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में मध्यम से तेज दर्जे की बारिश होने की संभावना है। जबकी भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में भारी और कुछ इलाकों में अति भारी होने की संभावना है।
फिलहाल सूर्यदेव की तपिश हावी
बीते चार दिनों से प्रदेश में गर्मी का सितम और उमस ने आमजन को काफी परेशान किया है। इस वजह से लगातार पारे में बढ़ोतरी का दौर देखने को मिल रहा है। पारा 45 डिग्री से अधिक दर्ज होने के साथ ही उमस से दिन के साथ रात भी आमजन को परेशान कर रही है। अब देखना होगा की मौसम विभाग की भविष्यवाणी मानसून को लेकर कितनी सटीक बैठती है।
बीते पांच साल के आंकड़े
- 2021 में 18 जून को मानसून का प्रवेश
- 2020 में 24 जून को मानसून का प्रवेश
- 2019 में 2 जुलाई को मानसून का प्रवेश
- 2018 में 26 जून को मानसून का प्रवेश
- 2017 में 27 जून को मानसून का प्रवेश
Leave a Reply