नई दिल्ली। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष को जमकर कोसा। पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आशा और विश्वास की बात करने वाले ही कुछ कर पाते हैं। रोना रोने वाले को 5-10 लोग ही मिल पाते हैं। उन्होंने कहा, ‘स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि अतीत में जिस दौर से हमें गुजरना पड़ा, वे सब आवश्यक थे क्योंकि विनाश का जो कार्यकाल आया, उससे ही भविष्य का भारत आ रहा है वह अंकुरित हो चुका है।
उस विशालकाय वृक्ष का उगना शुरू हो चुका है।’ पीएम ने कहा कि चुनौतियों को ही चुनौती देते हुए हम आम आदमी की आकांक्षाओं को पूरा करने में जुटे हुए हैं। पीएम ने कहा, ‘कांग्रेस की आदत सभी संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना है। गांधी जी पहले ही यह समझ चुके थे, इसीलिए उन्होंने कांग्रेस को भंग करने की बात कही थी। हम आज वही काम कर रहे हैं, गांधी जी के सपनों को पूरा कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथियों ने भी मिलावट कल्चर को स्वीकार कर लिया है। वंशवाद उनके लिए संस्कार और संस्कृति बन गई है इसीलिए महामिलावट का यह काम आसानी से किया जा सकता है क्योंकि इसमें सभी वंशवादी हैं और थोक के भाव में जमानत पर बाहर हैं।
मोदी ने कहा, ‘हमारी सरकार की पहचान ईमानदारी, पारदर्शिता, गरीबों के लिए संवेदना, राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाली, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने और तेज गति से काम करने के लिए है।’ सदन के सदस्यों का आभार जताते हुए पीएम ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘वैसे, कुछ बेसिरपैर की बातें भी हुई हैं पर मैं मानता हूं यह चुनाव का वर्ष है और इस कारण सबकी मजबूरी है तो कुछ न कुछ बोलना पड़ता है। यह भी सही है कि हम लोग यहां से जाने के बाद जनता को अपना लेखा-जोखा देने वाले हैं। मैं आप सभी को आगामी चुनाव में हेल्दी कॉम्पिटिशन के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने विपक्ष के हर आरोप का जवाब देते हुए कांग्रेस के 55 साल और अपनी सरकार के 55 महीने के विकास की तुलना की। उन्होंने महागठबंधन की कोशिशों को ‘महामिलावट’ कहते हुए तंज कसा। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में 30 साल के बाद देश की जनता ने पूर्ण बहुमत की सरकार दी और आज देश को अनुभव हो गया है कि मिलावटी सरकार क्या होती थी और पूर्ण बहुमत की सरकार के क्या मायने हैं।
उन्होंने कहा, ‘महामिलावट का हाल आपने कोलकाता में देखा लेकिन केरल में ये लोग एक दूसरे का मुंह नहीं देख पाएंगे, यूपी में महामिलावट का खेल देखिए, बाहर कर दिए गए। चुनाव से ठीक पहले विपक्षी गठबंधन पर करारा प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश ने 30 साल तक मिलावट की स्थिति देखी है। उन्होंने कहा कि हेल्दी डिमॉक्रेसी वाले अब महामिलावट से दूर रहने वाले हैं।
Leave a Reply