केदारनाथ धाम : भगवा धारण कर साधना में लीन हुए पीएम मोदी

केदारनाथ धाम : भगवा धारण कर साधना में लीन हुए पीएम मोदी

नई दिल्ली। देश के मुखिया आज विश्व के मुखिया के दर पर मथ्ता टेकने के लिए उनकी चौखट पर पहुंचे। उसके बाद साधना के लिए गुफा में चले गए। जी हां करीब डेढ़ माह तक चली लोकसभा चुनाव की थकान भरी कवायद का परिणाम आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को केदारनाथ पहुंचे और उन्होंने भगवान शिव का रूद्राभिषेक कर उनकी आराधना की। प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरने पर स्लेटी रंग के पहाड़ी परिधान और पहाड़ी टोपी पहने और कमर में केसरिया गमछा बांधे दिखाई दिए। हेलीपैड से मंदिर पहुंचने के पैदल रास्ते के दोनों ओर मौजूद श्रद्धालुओं तथा स्थानीय जनता का उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया ।

मंदिर परिसर में पहुंचने पर केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वह भगवान शिव की पूजा अर्चना और रूद्राभिषेक के लिये मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे । करीब आधे घंटे चली इस पूजा के बाद प्रधानमंत्री ने मंदिर की परिक्रमा की और श्रद्धालुओं का फिर हाथ हिलाकर अभिवादन किया। केदारनाथ में प्रधानमंत्री का ध्यान करने तथा वहां चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करने का भी कार्यक्रम है। पीएम मोदी रातभर की ध्यान-साधना के बाद रविवार सुबह बद्रीनाथ धाम जाएंगे।

वहां से दर्शन के बाद रविवार को ही नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। यह पहला मौका है, जब पीएम मोदी केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन एक ही दौरे में करेंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि पीएम के इस दौरे का मकसद पूरी तरह से आध्यात्मिक है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अशोक कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि मोदी के आगमन से उत्तराखंड की जनता और भाजपा बहुत उत्साहित है। प्रधानमंत्री के इस दौरे का मकसद पूरी तरह से आध्यात्मिक है । इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी अपने दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर यहां के निकट जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचे जहां उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उनकी अगवानी की। प्रधानमंत्री का पिछले दो साल में केदारनाथ का यह चौथा दौरा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *