मौसम विभाग की कल प्रदेश में बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

देहरादून : उत्तराखंड में दो दिन के भीतर मौसम फिर करवट ले सकता है। कहीं हल्की बारिश तो कहीं बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही मौसम विभाग ने 25 जून को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे में देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। रविवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 व 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार की बात करें तो शहर में दोपहर तक चटक धूप खिली रही।

दोपहर बाद कुछ इलाकों में हल्के बादल छाये रहे, लेकिन कहीं भी बारिश नहीं हुई। शाम तक बादलों के बीच सूरज की लुका-छुपी चलती रही। मौसम के इस मिजाज से लोग दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। बताया कि 25 जून को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। साथ ही मैदानी इलाकों में झक्कड़ के साथ बारिश हो सकती है। शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.9 व न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मानसून पहुंचने में हो रही देरी के कारण फिलहाल जून के अंतिम सप्ताह में अधिकांशत: मौसम शुष्क रहेगा और चटख धूप खिलने से गर्मी में इजाफा होगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *