छह वर्षीय बच्चे को किडनैप करने की कोशिश

उपेन्द्र कुशवाहा

पडरौना,कुशीनगर :  जिले के अहिरौली बाजार क्षेत्र के ग्राम असना से सोमवार को बाइक सवार दो युवकों ने एक बच्चे का अपहरण करने की कोशिश की। हालांकि साथ रहे बच्चों के शोर मचाने पर दोनों युवक बच्चे को कुछ दूरी पर उतारकर भाग निकले। दिनदहाड़े बच्चे के अपहरण की कोशिश की सूचना पर घंटों पुलिस हलकान रही।

अहिरौली बाजार क्षेत्र के ग्राम असना निवासी गोपाल सिंह का छह वर्षीय पुत्र प्रियाशु सोमवार को गांव के पूरब जूनियर के मैदान में कुछ बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आए और प्रियांशु को बाइक पर बिठाकर भागने लगे। यह देख साथ रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों के शोर मचाने पर हड़बड़ाए दोनों युवक प्रियांशु को कुछ दूरी पर बाइक से उतारकर भाग निकले।

तब तक जानकारी पाकर प्रियांशु के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर एसआई परमात्मा चौहान मयफोर्स गांव में पहुंच गए और गांव वालों के साथ ही बच्चों से पूछताछ की। लेकिन पुलिस को दोनों युवकों के बारे में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका। इस संबंध में एसआई परमात्मा चौहान का कहना रहा कि छानबीन की जा रही है। जल्द ही दोनों बाइक सवार युवक पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *