बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक के आगमन पर हुई पहली मुठभेड़ पुलिस के लिए गले की हड्डी बन गई है। दरियाबाद में शातिर बदमाश बताते हुए पुलिस ने युवक से मुठभेड़ दिखाई। युवक को गोली लगी। सुबह होते ही गुडवर्क पर ऐसी उंगली उठी कि महकमा परेशान रहा। घायल बदमाश के आरोप के बाद कांग्रेस के छत्तीसगढ़ के प्रभारी व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया के नेतृत्व में प्रदर्शन की सूचना से ऐसा हड़कम्प मचा कि कई थानों की पुलिस ने जिला अस्पताल में डेरा डाल लिया। मगर सांसद समर्थकों के साथ पहुंचे, युवक से बात की और फिर एसपी से मिलकर जांच की मांग की।
एसपी वीपी श्रीवास्तव ने बताया कि दरियाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन शातिर लुटेरे दरियाबाद में किसी लूट की घटना को अंजाम देने के लिए एक बाइक से आ रहे हैं। लोकेशन मिलने पर पुलिस सतर्क हो गई। दरियाबाद क्षेत्र में नियामतगंज की तरफ से सुबह करीब सवा 4 बजे तीन युवक एक बाइक से आते हुए दिखाई पड़े। पुलिस ने बाइक को रोकने का इशारा किया तो बदमाश बाइक को छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने जब उनको दौड़ाया तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। कई राउंड फायरिंग करने वाले बदमाशों पर पुलिस ने भी जवाब में फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उक्त बदमाश झाड़ी में छिप गया जबकि बाकी दोनों भाग खड़े हुए।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान आकाश बक्श पुत्र भगौती प्रसाद निवासी पूरे सागर मजरे छूलापाही सिद्धौर थाना असंदरा के रूप में हुई। घायल को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। पूछताछ में घायल आकाश ने बताया कि उसका एक साथी अनिल कुमार निवासी चमरौली थाना दरियाबाद व एक अन्य मुठभेड़ के दौरान भाग गए हैं। तीसरे युवक के बारे में आकाश ने जानकारी से इनकार करते हुए कहा कि वह अनिल का साथी था। सुबह होते ही मचा कोहराम , मठुभेड़ की बात सुबह तक सोशल मीडिया में वायरल हो गई। इतना ही नहीं कांग्रेस द्वारा इसके विरोध में सांसद पीएल पुनिया के नेतृत्व में जिला अस्पताल में प्रदर्शन करने की सूचना भी पहुंची।
फिर क्या था पूरा पुलिस महकमा हलकान हो उठा। आनन-फानन में जैदपुर, सतरिख आदि थाने का भारी पुलिस बल जिला अस्पताल में बुला लिया गया। दरियाबाद में हुई मठभेड़ को लेकर एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने मुंगेर की पिस्टल समेत चार असलहे, 126 जिन्दा व 13 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इनमें 32 बोर की एक पिस्टल व 78 कारतूस व 8 खोखा कारसूत, 315 बोर के दो तमंचे 45 कारतूस व 5 खोखा कारतूस, 312 बोर का एक तमंचे के साथ 3 कारतूस बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा आकाश के पास एक मोबाइल, अस्पष्ट नम्बरों वाली एक पैशन प्रो बाइक भी पुलिस को मिली है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश आकाश बख्श पर लखनऊ के हसनगंज, मड़ियाव व गाजीपुर थाने में चार मुकदमें दर्ज है। एक मुकदमा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, दूसरा जान से मारने की कोशिश व बल्वा का, तीसरा भी जान से मारने की कोशिश का और चैथा मुकदमा आर्म्स एक्ट का है।
Leave a Reply